बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट मामले में 6 गिरफ्तार, एक बालक निरुद्ध
सारण (बिहार): सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के मोतीराजपुर बिचला टोला में बच्चों के बीच हुए छोटे से विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना सामने आई। घटना 5 मार्च की रात करीब 9:05 बजे की बताई जा रही है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडा, फरसा और भाले जैसे हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में गरखा थाना की पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या 250/26 दिनांक 6 मार्च 2026 को दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों में मोतीराजपुर निवासी अखिलेश मांझी (पिता किशोर मांझी), परशुराम मांझी (पिता स्व. कपिलदेव मांझी), ग्यासुद्दीन (पिता अली हसन), सदाम हुसैन (पिता नेसार अहमद), सलमान अंसारी (पिता असलम अंसारी) तथा सोहराब आलम (पिता गुलाम मूर्तजा) शामिल हैं।
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

