पैक्स चुनाव: बरेजा से सुभाष सिंह और विजय शंकर शुक्ला ने किया नामांकन, मुकाबला रोचक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के आदर्श ग्राम पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को पैक्स अध्यक्ष पद के लिए कई प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिससे चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है।
दो बार से पैक्स अध्यक्ष रह चुके सुभाष सिंह ने तीसरी बार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें पिछले दो चुनावों में जनता का भरपूर सहयोग मिला है और इस बार भी जनता उन्हें जीत का ताज पहनाएगी।
इस दौरान श्यामाकांत उपाध्याय ने कहा कि जनता ने नेता नहीं बल्कि बेटा चुना है और इस बार भी भारी मतों से सुभाष सिंह को विजयी बनाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि इस बार अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर शुक्ला, विवेक कुमार सिंह और पूनम देवी ने भी नामांकन किया है। कुल 12 सदस्यों ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
वहीं दूसरी ओर सरपंच पद पर दो बार लगातार विजेता रहे विजय शंकर शुक्ला ने भी निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह के खिलाफ अध्यक्ष पद के लिए पूरे समर्थकों के साथ नामांकन किया और जीत का दावा किया। उनके समर्थन में जिला परिषद सदस्य कांति देवी, मुखिया राजेश पांडेय और बीडीसी अजय पांडेय भी मौजूद रहे।
समर्थकों ने आरोप लगाया कि वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह ने किसानों के साथ धोखाधड़ी की है और इस बार जनता बदलाव के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता विजय शंकर शुक्ला को पैक्स अध्यक्ष बनाने का मन बना चुकी है।
नामांकन प्रक्रिया निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेन्द्र दास तथा सहायक निर्वाचन पदाधिकारी नीरज कुमार की देखरेख में संपन्न हुई। इस मौके पर अवधेश सिंह, पूर्व मुखिया राजू सिंह, कमलेश यादव सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।

