माँझी में वाहन जांच के दौरान तीन अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, महिला हत्या कांड का खुलासा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलियासपुर पटखौली पुल के समीप तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपी नंदपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें नागेन्द्र साह का पुत्र विवेक कुमार उर्फ चोरवा, मनोज प्रसाद का पुत्र बंटी कुमार तथा मुमताज शाह का पुत्र सरफराज अली शामिल हैं। इस संबंध में जानकारी सदर एसडीपीओ (दो) राज कुमार ने माँझी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात थानाध्यक्ष विनोद कुमार दलबल के साथ वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखे, जिन्हें टॉर्च दिखाकर रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देख तीनों युवक मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में मोटरसाइकिल को उन्होंने अपने एक दोस्त की बताई।
पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार आरोपियों ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए 9 मार्च की रात नंदपुर गांव निवासी मो. नसरुद्दीन की पत्नी कमरुल बेगम की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे चार लोग चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, लेकिन महिला के जाग जाने और पहचान लेने के बाद उन्होंने हत्या की साजिश रची और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद घर से चांदी एवं नगद रुपये चोरी कर फरार हो गए तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू को नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले में थानाध्यक्ष विनोद कुमार के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
Manjhi news, Saran crime, Nandpur murder case, Bihar police action, Illegal arms arrest, Bihar crime news

