पैक्स चुनाव: मटियार से पूर्व अध्यक्ष भोला यादव ने किया नामांकन, जीत का किया दावा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के मटियार पंचायत स्थित पैक्स चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। मटियार पैक्स से दो बार अध्यक्ष रह चुके भोला यादव ने एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के बाद उन्होंने निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष धनंजय ठाकुर को इस चुनाव में पराजित करने का दावा किया।
इस दौरान मुखिया सुनैना देवी के प्रतिनिधि सुमन प्रसाद तथा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अवध यादव ने भी भोला यादव को अपना समर्थन दिया। समर्थकों के साथ पहुंचे भोला यादव ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और इस बार भी वे जीत दर्ज करेंगे।
वहीं मुखिया प्रतिनिधि सहित कई लोगों ने वर्तमान पैक्स अध्यक्ष धनंजय ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव के दौरान डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों की शिकायत सामने आ रही है।
नामांकन के दौरान भोला यादव के साथ भोला सिंह सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे और सभी ने चुनाव में जीत का भरोसा जताया।

