माँझी में छठ का भव्य नजारा: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: चैती छठ पर्व के अवसर पर मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को श्रद्धापूर्वक अर्घ्य अर्पित किया। व्रती सिरसोपटा के समीप बैठकर छठी माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना में लीन रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।
मांझी के प्रसिद्ध राम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां रंजन शर्मा के संयोजकत्व में व्रतियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। हालांकि, निर्माणाधीन अटल घाट की घेराबंदी के कारण राम घाट का क्षेत्र काफी संकरा हो गया था, जिससे व्रतियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा बहोरन सिंह के टोला घाट पर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई, जहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इसके अलावा बैरिया घाट पर भी भारी भीड़ को देखते हुए समाजसेवी छोटे गुप्ता द्वारा व्रतियों के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रखंड के मझनपुरा के गंगोपड़ाइन घाट, कौरु-धौरु, धनी छपरा, दुर्गापुर, बाबा मधेश्वर नाथ घाट, सोनासती घाट, मेंहदीगंज, फतेहपुर, डुमरी, घोरहट, भभौली, सलेमपुर, डुमाईगढ़, फुलवरिया, ताजपुर, मटियार, मुबारकपुर एवं महम्मदपुर समेत कई स्थानों पर सरयू नदी, दाहा नदी और विभिन्न तालाबों के घाटों पर व्रतियों ने श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित किया।
छठ घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। स्थानीय प्रशासन, पूजा समिति के सदस्य, पुलिस बल, स्वास्थ्य कर्मी तथा नावों पर तैनात गोताखोर लगातार निगरानी करते नजर आए, जिससे पूरे आयोजन के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रही।
#ChhathPuja #Manjhi #SaranNews #EveningArghya #BiharCulture #FestivalOfFaith #LocalNews

