सारण: बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, आठ लोग घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के चेफुल गांव में मंगलवार की रात बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मारपीट में एक पक्ष से देवीय देवी, सवरू यादव, मालती देवी, बेबी देवी और प्रियंका कुमारी घायल हुईं, जबकि दूसरे पक्ष से सचिन कुमार यादव, बांके यादव और राजकुमारी देवी को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही माँझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि बच्चों के विवाद के बाद हुई मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

