तरैया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण: डीएम वैभव श्रीवास्तव ने दिये सख्त निर्देश
सारण, 05 मार्च 2026
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को तरैया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की स्थिति का जायजा लिया और सभी को नियमित रूप से बायोमेट्रिक अटेंडेंस सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने प्रधान लिपिक सहित अन्य लिपिकों के लॉगबुक पंजी का भी अवलोकन किया और कार्य संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यालय में पुराने दस्तावेजों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया और इसे अनुकरणीय बताते हुए अन्य प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में भी इसी प्रकार अभिलेख संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित अभिलेख प्रबंधन से प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही दोनों में सुधार आता है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मृत चिह्नित लाभार्थियों के पुनः सत्यापन कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक तीन ऐसे लाभार्थी जीवित पाए गए हैं जिन्हें मृत मार्क कर दिया गया था। जिलाधिकारी ने इस प्रक्रिया में पूर्ण सतर्कता और पारदर्शिता बरतने को कहा, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के प्रभार को स्थानीय पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे कार्य निष्पादन की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार सुनिश्चित होगा। साथ ही, नये प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संपूर्ण परिसर की विधिवत मापी कराकर भवन निर्माण कार्य परिसर के पिछले हिस्से से आरंभ कराने की बात कही, ताकि अग्रभाग की भूमि भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित रखी जा सके।
निरीक्षण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता, मढ़ौरा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी तरैया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण प्रशासनिक अनुशासन, पारदर्शिता और विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

