चैती छठ को लेकर माँझी में तैयारियां तेज, अधिकारियों ने घाटों का किया निरीक्षण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड में चैती छठ पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बीडीओ उपेन्द्र दास, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया तथा उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह ने छठ घाटों पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से राम घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां छठ पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में व्रतियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि प्रशासन एवं छठ पूजा समिति के सहयोग से व्रतियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बहोरन सिंह के टोला घाट को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में तैयार किया जा रहा है। वहां भी साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं, जिससे व्रतियों को सुरक्षित और सुगम माहौल मिल सके।
इसके अलावा छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा पुलिस बल, स्वास्थ्य कर्मियों, गोताखोरों एवं नाव की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु आस्था के इस महापर्व को शांति और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कर सकें।
Manjhi Chhath preparation, Ram Ghat Manjhi, Bihar Chhath news, Saran festival news, administration inspection

