छात्रा से दुष्कर्म व हत्या मामले में जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
छपरा (सारण), 16 मार्च 2026
सारण जिले में दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हुई निर्मम हत्या के मामले में जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डेहरी थाना क्षेत्र के पट्टी शीतल गांव पहुंचा। प्रदेश स्तरीय शीर्ष मंडल के सदस्य सरवर अली के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली। नेताओं ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील है तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जन सुराज पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नेता राकेश पटेल, प्रमंडल प्रभारी ललित तिवारी, संगठन प्रभारी बच्चा राय, युवा नेता संतोष कुमार सिंह समेत जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इससे पहले रविवार को भी जन सुराज पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली और जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात और स्थानीय प्रशासन से बातचीत के आधार पर कहा कि कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।
पीड़िता की बड़ी बहन ने रोते हुए बताया कि कुएं से बच्ची का शव निकालने के बाद करीब चार घंटे तक वहीं पड़ा रहने दिया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के लिए पुलिस द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं की गई। बाद में स्थानीय कोतवाल की मदद से एंबुलेंस बुलाया गया, लेकिन उसके पेट्रोल के लिए भी पीड़ित परिवार को ही 600 रुपये देने पड़े। इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव लेने के लिए भी परिवार को 3000 रुपये देने पड़े। दूसरी ओर, मामले के स्थानीय जांच अधिकारी का कहना है कि जांच अभी जारी है और चारों आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इसके बावजूद जिले के एसएसपी मीडिया के सामने आकर इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बताते हुए यह कह रहे हैं कि लड़की ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की है, जिसे लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सारण छात्रा हत्या मामला, पट्टी शीतल गांव घटना, जन सुराज प्रतिनिधिमंडल, सरवर अली जन सुराज, सारण अपराध समाचार
#SaranNews #BiharCrime #JanSuraj #ChapraNews #JusticeForVictim #BiharNews

