सोनपुर में अवैध हथियार के साथ तीन युवक गिरफ्तार, चाकूबाजी कांड का मुख्य आरोपी भी दबोचा गया
छपरा/सोनपुर (बिहार) | 11 फरवरी 2026
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोनपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चाकूबाजी कांड में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बादल कुमार उर्फ अमन राय, पिता महेश राय, निवासी मानपुर, थाना सोनपुर, जिला सारण के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने पूर्व विवाद के दौरान विकाश कुमार को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने की बात स्वीकार की। घायल का उपचार सदर अस्पताल, हाजीपुर में चल रहा है। सत्यापन के दौरान अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है और वह पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामलों में कारावास जा चुका है।
पूछताछ के क्रम में हथियार छिपाकर रखने की सूचना मिलने पर सोनपुर थाना पुलिस ने पहलेजा शाहपुर दियारा, पुरवारी टोला स्थित एक घर की विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो अन्य अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामद हथियार एवं कारतूस को विधिवत जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में सोनपुर थाना कांड संख्या 128/26 दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों में रविन्द्र राय उर्फ गोप जी, पिता स्वर्गीय सुखदेव राय, निवासी पहलेजा शाहपुर दियारा, थाना सोनपुर, जिला सारण तथा अरविन्द राय, पिता रविन्द्र राय उर्फ गोप जी, निवासी पहलेजा शाहपुर दियारा, थाना सोनपुर, जिला सारण शामिल हैं।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष सोनपुर थाना एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अवैध हथियार के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

