होली से पहले शिक्षकों को तोहफा, 10% तक मिलेगा नगर आवास भत्ता
नगर आवास भत्ता को लेकर पत्र जारी, सैकड़ों शिक्षकों को मिलेगा लाभ
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: नगर सीमा से आठ किलोमीटर के भीतर स्थित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को नगर आवास भत्ता (HRA) देने के संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण द्वारा पत्र जारी किया गया है। इससे जिले के सैकड़ों शिक्षकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह एवं जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने इस मांग को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में नगर सीमा से आठ किलोमीटर के अंतर्गत स्थित विद्यालयों के शिक्षकों को नगर आवास भत्ता प्रदान करने की मांग की गई थी।
दूरी प्रमाण पत्र लंबित रहने के कारण फिलहाल वैसे विद्यालय, जहां पूर्व से किसी शिक्षक को नगर आवास भत्ता मिल रहा था, वहां कार्यरत सभी शिक्षकों को यह भत्ता प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने औपचारिक आदेश जारी कर दिया है।
जिन विद्यालयों में अब तक किसी भी शिक्षक को नगर आवास भत्ता प्राप्त नहीं हुआ है, वहां दूरी प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद स्वीकृति दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, नगर क्षेत्र में पदस्थापित शिक्षकों को वर्तमान में मिल रहे 5 प्रतिशत HRA के स्थान पर अब 10 प्रतिशत की दर से HRA प्रदान किया जाएगा।
इस निर्णय से शिक्षकों में खुशी का माहौल है। होली से पहले इसे शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण तोहफा माना जा रहा है।

