सारण–सिवान सीमा पर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो भट्ठियां ध्वस्त
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने सारण–सिवान सीमा पर अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह लगभग 2:30 बजे ज्ञानीछपरा स्थित दाहा नदी के तट पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो अवैध देसी शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी में करीब 100 लीटर तैयार देसी शराब बरामद की गई, जबकि मौके पर मौजूद लगभग 1000 लीटर अर्द्धनिर्मित शराब को नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, शराब निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री भी जब्त की गई।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि महम्मदपुर ज्ञानीछपरा बांध के दक्षिण दाहा नदी के तट पर बड़े पैमाने पर अवैध देसी शराब का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस अभियान में थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में महम्मदपुर पुलिस चौकीदार प्रभारी रामजी यादव, शुभम कुमार, चंदा कुमारी सहित अन्य पुलिस बल के जवान एवं दफादार-चौकीदार शामिल थे।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

