दहेज हत्या कांड में पति गिरफ्तार
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए परसा थाना क्षेत्र से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर की गई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 2 फरवरी 2026 को परसा थाना को एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ, जिसमें वादी ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा हत्या कर दी गई है। इस आवेदन के आधार पर परसा थाना कांड संख्या 44/26, दिनांक 02.02.2026 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
अनुसंधान के दौरान प्राप्त ठोस आसूचना के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी के मुख्य आरोपी एवं मृतिका के पति गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त गौतम कुमार, पिता चन्देश्वर प्रसाद साह, निवासी अंजनी, थाना परसा, जिला सारण का रहने वाला है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में परसा थाना के थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। सारण पुलिस ने दोहराया है कि दहेज जैसी सामाजिक बुराई से जुड़े अपराधों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

