सारण: लापता युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
सारण (बिहार): पानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोटहा में लगुनी बुढ़िया माई स्थान के समीप गरखी नदी (पुराना पोखरनुमा क्षेत्र) से एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार 3 फरवरी 2026 को सूचना मिलते ही पानापुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान शव की पहचान ग्राम धनुकी निवासी सचिन कुमार के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार सचिन कुमार के लापता होने को लेकर एक दिन पूर्व, 2 फरवरी 2026 को पानापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया है। पानापुर थाना पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल क्षेत्र की विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
