जी०ए०भी पब्लिक स्कूल में भारत स्काउट एवं गाइड के ‘प्रथम सोपान’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा शहर के सांढ़ा ढाला स्थित जी०ए०भी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में पांच दिवसीय ‘प्रथम सोपान’ प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह शिविर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, सेवा भावना और स्वावलंबन के गुणों का विकास करना है।
शिविर का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों को जिम्मेदार, अनुशासित और समाजोपयोगी नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करता है।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह, नोडल शिक्षक सोहन तिवारी तथा नोडल शिक्षिका खुशबू सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। शिविर के प्रथम चरण में स्काउट्स एवं गाइड्स को संगठन के नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना तथा ध्वज शिष्टाचार की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही टोली पद्धति के माध्यम से टीम वर्क और सामूहिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नोडल शिक्षकों ने बताया कि आगामी दिनों में प्रतिभागियों को गांठ बांधना, प्राथमिक उपचार, टेंट लगाना, आत्मरक्षा के उपाय तथा बिना बर्तन के भोजन बनाने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाए जाएंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

