सारण: भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ताजपुर परती के समीप छापेमारी कर पुलिस ने 58.68 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस गश्ती के दौरान सूचना मिली कि ताजपुर निवासी अनिल कुमार (पिता– शिवनाथ महतो) डूमाईगढ़ की ओर से मोटरसाइकिल पर शराब लादकर आ रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की।
करीब 12:45 बजे ताजपुर परती के पास पुलिस वाहन को देख आरोपी ने अपनी अपाचे मोटरसाइकिल पर लदा सफेद रंग का बोरा गिराकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान बोरे से कुल सात कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में ‘8 PM स्पेशल ब्लेंड’ एवं ‘ऑफिसर चॉइस’ ब्रांड की 180 एमएल की बोतलें शामिल थीं। कुल बरामद मात्रा 58.68 लीटर आंकी गई।
इसके साथ ही एक टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR04AJ3797) को भी विधिवत जब्त किया गया। पुलिस ने जप्ती सूची एवं गिरफ्तारी मेमो तैयार कर आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में मांझी थाना कांड संख्या 81/26 दिनांक 18.02.2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच का दायित्व पुलिस अवर निरीक्षक संगीता कुमारी को सौंपा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब का भंडारण, परिवहन एवं बिक्री संज्ञेय अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

