होली पर शांति व्यवस्था को लेकर माँझी थाना में शांति समिति की बैठक,
सारण: होली में नहीं बजेंगे डीजे और अश्लील गाने
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से माँझी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विनोद कुमार एवं अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ होली को आपसी भाईचारे और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि होली खुशियों, प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जिसे अनुशासन और शांति के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि होलिका दहन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने बताया कि होली के दौरान उपद्रवियों तथा शराब का सेवन कर हंगामा करने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। लहेरिया कट बाइक चलाकर स्टंट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अफवाह फैलाने, अश्लील एवं फूहड़ गीत बजाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के अंत में प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय और सजगता से ही क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है। इस अवसर पर माँझी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विशाल कुमार उर्फ बिट्टू राय, विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर ओझा, ओमप्रकाश शर्मा, रमेश यादव, अमरनाथ तिवारी, मुल्तान खां, अख्तर अली सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

