सीएचसी परसा में प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. सुमन बने पूर्णकालिक डीआईओ, डॉ. रोहित को मिला अतिरिक्त प्रभार
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: सारण जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परसा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। जारी विभागीय आदेश के अनुसार परसा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) डॉ. सुमन कुमार को उनके वर्तमान पद से मुक्त करते हुए पूर्णकालिक जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) के रूप में कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में उन्हें मुख्यालय अंतर्गत प्रतिनियुक्ति पर अतिरिक्त प्रभार के रूप में डीआईओ का दायित्व दिया गया था, जिसके कारण वे परसा सीएचसी के एमओआईसी रहते हुए ही जिला प्रतिरक्षण कार्यक्रम का संचालन देख रहे थे।
विभागीय समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि दोहरी जिम्मेदारी के कारण जिला प्रतिरक्षण कार्यक्रम की प्रगति प्रभावित हो रही थी और राज्य स्तर पर उपलब्धियों में गिरावट दर्ज की जा रही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लेते हुए डॉ. सुमन कुमार को पूर्णतः डीआईओ के रूप में कार्य करने का निर्देश जारी किया है, ताकि टीकाकरण कार्यक्रम की मॉनिटरिंग, सुपरविजन और लक्ष्य प्राप्ति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
उधर, परसा सीएचसी के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम 84 के तहत माँझी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार को परसा का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. रोहित कुमार के नेतृत्व में सारण जिला ‘कायाकल्प’ कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है, जबकि राज्य स्तर पर चतुर्थ स्थान हासिल किया था, जिसे उनकी प्रशासनिक दक्षता और प्रबंधन क्षमता का परिणाम माना जा रहा है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने औपचारिक पत्र जारी कर दोनों अधिकारियों को दो दिनों के भीतर प्रभार हस्तांतरण एवं ग्रहण करने का निर्देश दिया है। साथ ही समय पर योगदान कर कार्यालय को सूचित करने को कहा गया है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता और प्रशासनिक पारदर्शिता बनी रहे।

