मेडौरी देवी खेल मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट, महम्मदपुर और भजौना की शानदार जीत
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी प्रखंड के महम्मदपुर स्थित मेडौरी देवी खेल मैदान में शनिवार को द्वारिका दुबे मेमोरियल चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय ध्रुपदेव दुबे की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। टूर्नामेंट में कुल चार टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिस्पर्धा की।
पहला मुकाबला महम्मदपुर और बनपुरा के बीच खेला गया, जिसमें महम्मदपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 207 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनपुरा की टीम 189 रनों पर सिमट गई और महम्मदपुर ने यह मैच 18 रनों से अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए पुनीत तिवारी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मुकाबला भजौना और ग्यासपुर के बीच खेला गया। भजौना की टीम ने 170 रन बनाए, जबकि ग्यासपुर की टीम 121 रन पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार भजौना ने 49 रनों से जीत दर्ज की। उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए कुणाल कुमार सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा तिवारी ने किया। मैच के आयोजक एवं पटना में उपमुख्य डाकपाल के पद पर कार्यरत विनय कुमार दुबे ने मंच पर उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विनय कुमार दुबे ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण युवाओं में खेल भावना विकसित करने और स्थानीय खेल संस्कृति को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विधायक मनोरंजन सिंह ने भी कहा कि यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर सुधाकर मिश्रा, दीपक मिश्रा, हसनैन अंसारी, शैलेन्द्र उपाध्याय, प्रमोद उपाध्याय, जितेंद्र उपाध्याय, राजकुमार दुबे, राजेश्वर तिवारी, धनंजय ठाकुर, अवधेश तिवारी, शुक्ला जी, अविनाश तिवारी, राकेश उपाध्याय, रामबाबू पांडेय, राहुल दुबे, रवि रंजन पांडेय सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा बुधन तिवारी द्वारा किया गया।

