इंटरमीडिएट परीक्षा में पकड़ा गया फर्जी परीक्षार्थी, होली फैमिली स्कूल केंद्र पर सख्ती से खुलासा
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर सारण पुलिस प्रशासन की सतर्कता के बीच एक फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। 6 फरवरी 2026 को परीक्षा केंद्र होली फैमिली स्कूल, गुरुकुल मेहीया, छपरा में वीक्षक द्वारा प्रवेश पत्र के फोटो मिलान के दौरान एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। संदेह के आधार पर की गई जांच में स्पष्ट हुआ कि परीक्षा में बैठा व्यक्ति वास्तविक परीक्षार्थी नहीं, बल्कि एक फर्जी परीक्षार्थी है।
जांच के दौरान फर्जी परीक्षार्थी की पहचान मंजीत कुमार, पिता महावीर महतो, निवासी मझवलिया, थाना बनियापुर, जिला सारण के रूप में की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वास्तविक परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद है। इसके बाद पुलिस बल की सहायता से बाहर खड़े वास्तविक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर लाया गया।
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को अपनी अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
सारण पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को पूरी तरह कदाचार-मुक्त संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की किसी भी गड़बड़ी पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
