बीपीएससी चयनित शिक्षकों को 7वें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग, विधान पार्षद ई सच्चिदानंद राय को सौंपा गया ज्ञापन
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बीपीएससी द्वारा चयनित शिक्षकों को अन्य बीपीएससी चयनित कर्मियों की भांति 7वें वेतन आयोग का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर टीडीआरए (Teacher Development & Rights Association) के एक शिष्ट मंडल ने बिहार विधान परिषद के सदस्य ई सच्चिदानंद राय को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संघ के जिलाध्यक्ष कुमार मृणाभ के नेतृत्व में बनियापुर प्रखंड अंतर्गत लौंवा छतवा स्थित विधान पार्षद के निजी आवास पर दिया गया।
इस दौरान विधान पार्षद ई सच्चिदानंद राय ने शिक्षकों की मांग को गंभीरता से सुना और इसे पूरी तरह न्यायोचित बताते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को विधान परिषद में पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और बच्चों के भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षक साथियों से अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बने रहने का आह्वान करते हुए कहा कि इस संघर्ष में वे पूरी तरह उनके साथ हैं।
टीडीआरए के जिलाध्यक्ष कुमार मृणाभ ने कहा कि सारण स्थानीय निकाय के विधान पार्षद ई सच्चिदानंद राय द्वारा दिया गया यह आश्वासन बीपीएससी से चयनित शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही शिक्षकों को उनका वैधानिक एवं समान अधिकार प्राप्त होगा और वर्षों से चली आ रही वेतन विसंगति का समाधान निकलेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान टीडीआरए के जिलाध्यक्ष कुमार मृणाभ के साथ पानापुर प्रखंड अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार सिंह, इसुआपुर प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार गिरि, एकमा प्रखंड अध्यक्ष कुमार आशुतोष, एकमा प्रखंड सचिव धर्मेन्द्र कुमार, नवीन कुमार, अभिषेक कुमार सिंह सहित कई अन्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शिक्षकों के सम्मान और अधिकार की इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

