अवतार नगर थाना क्षेत्र में खेत से व्यक्ति का शव बरामद, सभी पहलुओं पर जांच जारी
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): अवतार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को एक व्यक्ति का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न लगभग 10:00 बजे अवतार नगर थाना को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक खेत में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस पदाधिकारी एवं बल को घटनास्थल पर भेजा। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक अपने खेत में पशुओं को भगाने/रखवाली के उद्देश्य से गया था। परिजनों ने बताया कि वह बीते शाम से ही लापता था और उसकी खोजबीन की जा रही थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक अपने दामाद के विरुद्ध डोरीगंज थाना में दर्ज एक हत्या मामले में गवाह था। इस तथ्य को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी।
मृतक के शव को विधिवत कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस संबंध में अवतार नगर थाना में कांड दर्ज कर अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
