नेशनल योगा प्रतियोगिता
राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में सारण की बेटी का परचम, कोलकाता रवाना हुई रौशनी कुमारी
निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर योगा में मुकाम हासिल करना गौरव की बात: डॉ विकास सिंह
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए रौशनी कोलकाता हुई रवाना: सचिव
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिले की होनहार योगा खिलाड़ी रौशनी कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जो हम सभी जिलेवासियों के लिए गर्व की बात है। इस संबंध सारण जिला योगा संघ के सचिव यशपाल कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025- 26 के अंतर्गत योगा अंडर- 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 व 26 जनवरी 2026 को कोलकाता में किया जा रहा है, जिसमें बिहार टीम का प्रतिनिधित्व सारण जिले की रौशनी कुमारी कर रही हैं। रौशनी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोलकाता रवाना हो गई हैं। क्योंकि रौशनी का चयन राज्य स्तरीय योगा प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ है, जिसका आयोजन हाल ही में मूंगेर में किया गया था। वहां रौशनी के शानदार प्रदर्शन के आधार पर उसे बिहार टीम में शामिल किया गया।
सारण जिला योगा संघ के अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार सिंह के अनुसार रौशनी कुमारी छपरा शहर स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हैं। जो अवधेश कुमार राय की पुत्री हैं। रौशनी ने पढ़ाई के साथ- साथ योगा में भी निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। मालूम हो कि रौशनी के पिता एक दैनिक मजदूर हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सीमित संसाधनों में अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं आने दिया है। हमलोगों का मानना है कि योगा में भविष्य की असीम संभावनाएं हैं, विशेषकर युवतियों के लिए यह शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास का सशक्त माध्यम बन रहा है। रौशनी की सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
रौशनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन देने वालों में जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, उपाध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष प्रीति सिंह, मुखिया मनोज कुमार, कोच विवेक कुमार सहित सुरेश प्रसाद सिंह, पंकज कुमार चौहान, मृत्युंजय कुमार सिंह, विशाल कुमार, अभिषेक कुमार, संध्या कुमारी, रूबी कुमारी और लक्ष्मी कुमारी शामिल है।

