सारण में ‘आवाज दो’ अभियान की बड़ी कार्रवाई: आर्केस्ट्रा से 3 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने महिलाओं और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ चल रहे ‘आवाज दो’ अभियान के तहत एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम ने मंगलवार की अहले सुबह इसुआपुर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विभिन्न आर्केस्ट्रा स्थलों पर विधिवत घेराबंदी कर छापामारी की। इस कार्रवाई के दौरान जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य करवायी जा रही तीन नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिनमें दो उत्तर प्रदेश और एक नेपाल की रहने वाली हैं। मौके से दो आर्केस्ट्रा संचालक सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में महिला थाना कांड संख्या 03/26, दिनांक 20 जनवरी 2026 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह छापामारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के पत्र के आलोक में की गई, जिससे स्पष्ट है कि यह अभियान मानवाधिकार संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में मई 2024 से अब तक जिले में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत कुल 292 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया जा चुका है। इस दौरान 37 कांड दर्ज करते हुए 97 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलगरा निवासी बिट्टू कुमार और उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के मोहबली खास निवासी अरकेश कुमार शामिल हैं। छापामारी दल में महिला थाना, इसुआपुर व मुफस्सिल थाना के पदाधिकारी-कर्मी, एएचटीयू सारण, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के सदस्य शामिल थे।
सारण पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी महिला या नाबालिग के शोषण की जानकारी हो, तो ‘आवाज दो’ हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए वह सदैव तत्पर है।

