माँझी विधायक रणधीर सिंह ने दिवंगत पूर्व शिक्षक श्री राम सिंह के श्राद्ध कर्म पर दी श्रद्धांजलि
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी विधायक रणधीर सिंह प्रखंड के ताजपुर गांव पहुंचकर दिवंगत वयोवृद्ध पूर्व शिक्षक एवं समाजसेवी श्री राम सिंह के श्राद्ध कर्म में शामिल हुए और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक रणधीर सिंह ने दिवंगत के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि जीवन और मृत्यु प्रकृति का अटल नियम है, लेकिन व्यक्ति अपने अच्छे कर्म, शिक्षा और सेवा-भाव के कारण समाज में सदैव जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि दिवंगत श्री राम सिंह एक कर्मठ शिक्षक और समाजसेवी थे, जिनका योगदान इस क्षेत्र के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। विधायक ने परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और समाज के सभी लोग परिवार के साथ खड़े हैं।
विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति रहे श्री राम सिंह के श्राद्ध कर्म पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि वे समाज में कितने सम्मानित और लोकप्रिय थे।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया पति विजय कुमार सिंह, दारा सिंह, चंदन सिंह, मुरारी सिंह, विकास सिंह, बरक सिंह, संतोष सिंह, धर्मेंद्र सिंह, विजय प्रताप उर्फ चुन्नू सिंह, मुकेश सिंह, रामा किशुन सिंह, शिक्षक बी के भारतीय सहित बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

