एकमा के झारखंड पुलिस एसआई श्याम सिंह को राष्ट्रपति पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर
सारण (बिहार): एकमा प्रखंड के हरपुर गांव निवासी झारखंड पुलिस में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर श्याम सिंह उर्फ छोटू सिंह (पिता स्व. कामेश्वर नाथ सिंह) को उनकी साहसिक सेवा, वीरता और उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
झारखंड पुलिस के प्रदेश संयोजक एवं रसूलपुर थाना क्षेत्र के योगिया गांव निवासी नेशनल एथलीट विकास सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्याम सिंह को बधाई दी है। विकास सिंह राठौर ने बताया कि श्याम सिंह की नियुक्ति वर्ष 1999 में झारखंड पुलिस में हुई थी। अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने चतरा जिले में नक्सली को हथियार सहित गिरफ्तार करने जैसी साहसिक कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2010 में सराहनीय सेवा के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार भी उन्हें मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि श्याम सिंह वर्ष 2002 से लगातार झारखंड स्टेट शूटिंग प्रतियोगिताओं में राइफल, कार्बाइन, स्टेनगन और पिस्टल स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीतते आ रहे हैं और कई बार ओवरऑल चैंपियन भी रह चुके हैं। अपने अब तक के सेवा काल में उन्हें 226 से अधिक पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जबकि उनके विरुद्ध एक भी सजा या दंड दर्ज नहीं है, जो उनकी अनुकरणीय सेवा का प्रमाण है।
विकास सिंह राठौर ने यह भी बताया कि देवघर जिले में सावन जैसे महत्वपूर्ण मेले के दौरान श्याम सिंह द्वारा निभाई गई शानदार ड्यूटी पर वे स्वयं और उनके कई पुलिस सहकर्मी गौरवान्वित महसूस करते हैं। श्याम सिंह का परिवार भी सेवा परंपरा से जुड़ा है, उनके भाई सुधीर सिंह भी झारखंड पुलिस में एसआई पद पर कार्यरत हैं।
राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने की खबर से हरपुर गांव, एकमा प्रखंड और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। लोग इसे न केवल श्याम सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि पूरे इलाके के लिए गर्व का विषय बता रहे हैं।

