स्त्री शक्ति सम्मान समारोह 7 दिसंबर को रोहतक में, 100 उत्कृष्ट महिलाओं को मिलेगा सम्मान
रोहतक (हरियाणा): रविवार को हिंदू कॉलेज परिसर में स्त्री शक्ति संगठन, भारत और श्री लालनाथ हिंदू कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में स्त्री शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व 5 दिसंबर 2025 को प्रातः 11 बजे स्त्री शक्ति संगठन के डी.एस.ओ. अकैडमी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए वक्ताओं ने बताया कि यह समारोह देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं लगभग 100 प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
श्री लालनाथ हिंदू कॉलेज ने बताया कि संस्थान सामाजिक, पर्यावरणीय एवं महिला सशक्तिकरण विषयों पर निरंतर कार्यरत है। कॉलेज परिसर में रेनवाटर हार्वेस्टिंग और डीकंपोजिंग सिस्टम जैसी पर्यावरणीय व्यवस्थाएँ स्थापित हैं। साथ ही विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग सत्र, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान और रक्तदान शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। अगले वर्ष से स्त्री शक्ति संगठन के सहयोग से विद्यार्थियों को सामाजिक, आर्थिक और व्यवसायिक कार्यशालाओं एवं अभियानों से जोड़कर इंटर्नशिप भी उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करना है, जिन्होंने नीति, निष्ठा और नवाचार को केंद्र में रखते हुए समाज, आर्थिक विकास, शिक्षा, कला, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया है। स्त्री शक्ति संगठन पिछले तीन वर्षों से महिला आत्मनिर्भरता, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व निर्माण की दिशा में सक्रिय है। संगठन की दृष्टि है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जाए तथा महिलाओं को आत्म–सुरक्षा, रोजगार और कौशल आधारित अवसर देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाए।
संगठन और कॉलेज दोनों ही युवाओं को इस अभियान से जोड़ने तथा सुरक्षित और सतत भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस सम्मान समारोह को लेकर प्रतिभागियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
स्त्री शक्ति संगठन, स्त्री शक्ति सम्मान समारोह, हिंदू कॉलेज रोहतक, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, महिला सम्मान, महिला नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण भारत, रोहतक कार्यक्रम, राष्ट्रीय महिला सम्मान, महिला विकास
#StreeShaktiSamman #MahilaSashaktikaran #RohatakNews #HinduCollege #WomenEmpowermentIndia #NationalAwardsForWomen #StreeShaktiOrganization #WomenLeadership #SocialDevelopment #EmpowerWomen

