मातम में बदला आंगन: घोड़पड़ास के दौरान चली गोली से मासूम की मौत, पांच आरोपी गिरफ्तार
/// जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार), 31 दिसंबर 2025
सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर पंचायत अंतर्गत मनरा गांव में मंगलवार को हुई हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के सामने दोस्तों के साथ खेल रहा पांच वर्षीय मासूम सुकृत कुमार अचानक चली गोली का शिकार हो गया। यह गोली गांव के ही कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से घोड़पड़ास मारने के दौरान चली, जिसने एक हंसते-खेलते बच्चे की जिंदगी छीन ली और गांव के आंगन में मातम पसरा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनरा गांव निवासी अनील यादव का पुत्र सुकृत कुमार अपने चार-पांच साथियों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। उसी समय पास के ग्यासपुर मठिया गांव के कुछ लोग घोड़पड़ास मार रहे थे। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। इसी दौरान अचानक चली एक गोली सीधे खेल रहे मासूम के पेट में जा लगी। गोली लगते ही बच्चा लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसके साथ खेल रहे बच्चे चीख-पुकार मचाने लगे।
बच्चे की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे सिसवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए तत्काल सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पेट में गोली लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था। इलाज के दौरान बुधवार को मासूम सुकृत कुमार ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। बच्चे की मौत के बाद मृतक के चाचा रामजी यादव के आवेदन पर सिसवन थाना में सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ एक परिवार से उसका चिराग छीन लिया, बल्कि गांव में अवैध और लापरवाह गतिविधियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम की असमय मौत से हर आंख नम है और लोग दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

