ऑपरेशन नया सवेरा में सारण पुलिस को राज्य में प्रथम स्थान, मानव तस्करी व शोषण के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी सम्मानित
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): मानव तस्करी, बाल श्रम और महिलाओं के शोषण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सारण पुलिस को राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान “ऑपरेशन नया सवेरा” अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सारण जिला को बिहार में प्रथम स्थान प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार (भा.पु.से.) ने वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ. कुमार आशीष (भा.पु.से.) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
यह सम्मान 30 दिसंबर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला Sexual Harassment of Women at Workplace (Prevention, Prohibition and Redressal) Act, 2013 (POSH Act) के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिहार पुलिस के C.L.D. (Weaker Section) द्वारा किया गया था, जिसमें महिला सुरक्षा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम तथा कमजोर वर्गों के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक “ऑपरेशन नया सवेरा” विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार और ऑर्केस्ट्रा/थिएटर समूहों में फंसी महिलाओं व किशोरियों के शोषण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान सारण जिले में सक्रिय ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश किया गया और कुल 29 नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से मुक्त कराया गया। साथ ही संगठित अपराध से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) द्वारा सारण पुलिस की कार्यशैली, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सारण पुलिस भविष्य में भी इसी तत्परता के साथ महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा करते हुए संगठित अपराधों के उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
यह उपलब्धि सारण पुलिस के प्रभावी नेतृत्व, मजबूत टीम वर्क और समाज के प्रति समर्पित पुलिसिंग का प्रमाण मानी जा रही है। सारण पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि वह अपराध मुक्त समाज के निर्माण और कमजोर वर्गों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

