मांझी विधानसभा चुनाव: खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी के प्रत्याशी बनने की चर्चा से सियासी हलचल
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मांझी विधानसभा क्षेत्र से भोजपुरी सिने स्टार और गायक खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी के चुनाव लड़ने की खबर ने इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांझी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय और परिवार के सूत्रों ने बताया कि पार्टी आलाकमान ने चंदा देवी को मांझी से चुनाव लड़ने का आश्वासन दिया है।
सूत्रों के अनुसार पार्टी महागठबंधन के आगामी चुनाव में चंदा देवी को स्टार प्रचारक के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है और इसी रणनीति के तहत उन्हें प्रत्याशी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि चंदा देवी को प्रत्याशी घोषित किया जाता है, तो वर्तमान माकपा विधायक डॉ. सत्येन्द्र यादव को एकमा या बनियापुर सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिल सकता है। हालांकि, वर्तमान विधायक का रुख टिकट की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
चंदा देवी के चुनाव मैदान में आने की खबर के बाद एनडीए के संभावित प्रत्याशियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, चंदा देवी का मायका मांझी नगर पंचायत के गोंड़हा गांव में है और वह मांझी नगर पंचायत प्रतिनिधि बिट्टू राय की चचेरी बहन हैं। बिट्टू राय ने बताया कि टिकट की घोषणा होते ही मांझी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जन संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा।
मांझी विधानसभा क्षेत्र में इस चुनावी बदलाव से सियासी माहौल और गहराता नजर आ रहा है, और आगामी चुनाव में मतदाताओं की उत्सुकता भी बढ़ रही है।