27वें दिन भी जारी लिपिकीय संवर्ग कर्मियों की हड़ताल, आमजन परेशान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ (गोप गुट) के बैनर तले समाहरणालय लिपिकीय संवर्ग के कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को 27वें दिन भी जारी रही। कर्मचारी अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर 9 अगस्त 2025 से आंदोलनरत हैं। हड़ताल के दौरान कर्मी लगातार सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
हड़ताल की वजह से सारण समाहरणालय मुख्यालय से लेकर प्रखंड अंचल और अनुमंडल कार्यालयों तक के विभिन्न कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप रहने से आमजनों को तरह-तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई महत्वाकांक्षी सरकारी योजनाओं का कार्यान्वयन भी प्रभावित हुआ है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि सरकार उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक सरकार की ओर से उनके शिष्टमंडल से किसी भी प्रकार की वार्ता तक नहीं की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।