दाउदपुर व मांझी में जनता दरबार में सुने गए भूमि विवाद, कई मामलों का हुआ निष्पादन
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: भूमि विवादों के निपटारे के लिए शनिवार को दाउदपुर थाना परिसर में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार की देखरेख में आयोजित इस दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने की।
जनता दरबार में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए फरियादियों ने अपने-अपने भूमि विवादों को रखा। इस दौरान तीन नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पुराने आवेदनों सहित करीब एक दर्जन मामलों की सुनवाई हुई। इनमें से दो मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
इसी तरह मांझी थाना परिसर में भी थानाध्यक्ष की देखरेख और मांझी अंचलाधिकारी की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में जमीन संबंधी कई मामलों का निष्पादन किया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में भूमि विवाद ही सामाजिक तनाव और मुकदमेबाजी की सबसे बड़ी वजह है। लोग छोटी-छोटी बातों को अदालत तक ले जाते हैं, जबकि आपसी सहमति से भी समाधान संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अनावश्यक दुश्मनी और झगड़े से बचते हुए आपसी बातचीत से ऐसे विवादों का निपटारा करें।
इस मौके पर राजस्व कर्मचारी रजनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और फरियादी मौजूद थे।