सड़क पर रंगदारी वसूली करने वाले गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, चार गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने दरियापुर और दिघवारा थाना क्षेत्र में सड़क पर चलने वाले वाहनों से अवैध रूप से बस स्टैंड टैक्स के नाम पर रंगदारी वसूली करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शीतलपुर बायपास के पास ट्रक, टेंपू और चारपहिया वाहनों से ₹150 प्रति वाहन की दर से रंगदारी वसूली की जा रही है। इस मामले में दरियापुर थाना कांड संख्या 547/25 और दिघवारा थाना कांड संख्या 333/25 दर्ज कर विधिसम्मत अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों—योगेन्द्र पासवान, अर्जुन राय, मनोज पासवान और दिलीप सिंह—को गिरफ्तार कर लिया।
सारण पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों या रंगदारी वसूली की जानकारी मिले तो निकटतम थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर तुरंत सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), दिघवारा और दरियापुर थाना के थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।