31 वर्षों से फरार लाल वारंटी को पुलिस ने दबोचा
सारण (बिहार): अमनौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के मामले में 31 वर्षों से फरार चल रहे लाल वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के गोरौल गांव निवासी ब्रज किशोर सिंह, पिता स्व. टुकड़ सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 21 अगस्त की रात गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि फरार अभियुक्त परसा थाना क्षेत्र के चनपुरा गांव में देखा गया है। सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी दल मौके पर पहुँचा और घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार ब्रज किशोर सिंह आर्म्स एक्ट के एक कांड में वांछित था और पिछले तीन दशक से फरारी काट रहा था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर लंबे समय से प्रयास जारी था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।