ससुराल में विवाद सुलझाने आए व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार!
सारण (बिहार): सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के रसीदपुर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद सुलझाने आए एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के असोइया निवासी सोनेलाल राम (पिता-स्व. शिवलाल राम) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, सोनेलाल राम अपनी बेटी के ससुराल रसीदपुर गांव आए थे, जहां किसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के क्रम में ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण सोनेलाल राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही गरखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेजा। घटनास्थल की जांच FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संलिप्त अभियुक्त संजय राम (पिता- चुन्नी राम) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर गरखा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति है और विधि व्यवस्था नियंत्रण में है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।