हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामचंद्र राय गिरफ्तार, भाई अर्जुन की तलाश में छापेमारी जारी!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): गरखा थाना क्षेत्र के लाढ़पुर गांव में हुए अजय कुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सारण पुलिस की सक्रियता और तकनीकी अनुसंधान के चलते संभव हो सकी। मामले में फरार चल रहे अन्य अभियुक्त अर्जुन राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
घटना 10 जून को हुई थी, जब अजय कुमार सिंह की उनके घर की छत पर सोते समय अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर गरखा थाना कांड संख्या 446/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कांड के मुख्य आरोपी रामचंद्र राय, पिता शिव शंकर राय, निवासी लाढ़पुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान रामचंद्र राय ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई अर्जुन राय के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बताया कि उसने मृतक से सूद पर पैसा मांगा था, लेकिन अजय कुमार सिंह ने इनकार कर दिया था। इसी बात से आक्रोशित होकर दोनों भाइयों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी अर्जुन राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में गरखा थाना अध्यक्ष और पुलिस टीम के अन्य पदाधिकारी-कर्मी शामिल रहे। सारण पुलिस ने मामले के शीघ्र उद्भेदन से जनता में भरोसा कायम किया है।