ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कटिंग एवं टेलरिंग सेंटर की स्थापना दिवस सह प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित!
युवतियों और महिलाओं को हुनरमंद बनाना संस्था का मुख्य लक्ष्य: अंशु सिंह
सारण (बिहार): शहर ही नहीं बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति के स्थानीय शाखा कार्यालय साधनापूरी छपरा में संस्था द्वारा संचालित निःशुल्क कटिंग और टेलरिंग केंद्र की स्थापना दिवस के 1 वर्ष पूर्ण होने पर समारोह आयोजित कर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सफल प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की संरक्षिका सदस्य अंशु सिंह ने कहा की सभी युवतियों और महिलाओं को हुनरमंद बनाना संस्था का मुख्य लक्ष्य है। क्योंकि वर्तमान समय में हर किसी को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए कोई ना कोई हुनर सीखना बहुत ही जरूरी हो गया है। एक बार पारंगत हो जाने पर आपको विभिन्न प्रकार की रोजगार के अवसर मिलना शुरू हो जाता हैं, जिससे आप अपने परिवार को एक उज्जवल भविष्य दे सकती हैं।
संस्था प्रमुख डॉ अंजु सिंह ने सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सतत प्रयत्नशील रहने एवं अप दीपोभव का उदाहरण देते हुए अपना दीपक स्वयं बनने की प्रेरणा दी है। कार्यक्रम का संचालन अरिजीत सिंह ने किया। जबकि इस अवसर पर युवतियों और महिलाओं द्वारा बनाए गए कपड़ों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने एक स्वर से सराहते हुए कहा कि साधारण परिवार की महिला और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उक्त संस्था अहम योगदान निभा रही है। संस्था की संरक्षिका सदस्य अंशु सिंह द्वारा प्रमाण पत्र वितरण किया गया। जिसमें मुख्य रूप से सुरभि कुमारी, अंजली कुमारी, अफसाना खातून, सपना कुमारी, रजनी कुमारी, पिंकी कुमारी, संगीता देवी, साल्टी गुप्ता, निकिता कुमारी, सोनी देवी सहित कई अन्य महिला और युवतियां शामिल रही। जबकि प्रशिक्षिका मणि शाही और प्रीति शाही सहित दर्जनों लड़कियां और महिलाएं उपस्थित रही।