डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह बने बिहार सवर्ण आयोग के प्रदेश अध्यक्ष, सारण सहित पूरे बिहार में खुशी की लहर!
सारण (बिहार): पूर्व मंत्री एवं सारण से विधान पार्षद रहे वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह को बिहार सवर्ण आयोग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से न सिर्फ सारण प्रमंडल, बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर है। सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक संगठनों के साथ आमजन ने इस फैसले का जोरदार स्वागत किया है।
डॉ. सिंह की नियुक्ति को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता एवं अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. आदित्य सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सरकार का एक स्वागतयोग्य निर्णय है। डॉ. सिंह एक कर्मठ, अनुभवी और जनसरोकारों से जुड़े नेता हैं, जो सभी वर्गों के साथ खड़े रहते हैं। उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और दक्षता से निभाएंगे।
लोगों का मानना है कि डॉ. महाचंद्र सिंह की साफ-सुथरी छवि, जनसेवा के प्रति समर्पण और संवेदनशील नेतृत्व शैली ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिलाया है। वर्षों के राजनीतिक और सामाजिक अनुभव से सुसज्जित डॉ. सिंह समाज के हर वर्ग के लिए काम कर चुके हैं और अब उनका अनुभव सवर्ण आयोग को मजबूती प्रदान करेगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में सवर्ण आयोग को नई दिशा, ऊर्जा और प्रभावी कार्यशैली मिलेगी। बधाई देने वालों में जदयू नेता प्रिंस सिंह, लोजपा नेता बिपिन सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल रहे।