राजापुर में आयोजित अखंड अष्टयाम का भक्तिमय वातावरण में हुआ समापन!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित राजापुर प्राथमिक विद्यालय परिसर में पंचवृक्ष सह ब्रह्मबाबा स्थान पर 24 घंटे के अखंड अष्टयाम का समापन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। अखंड हरिनाम संकीर्तन की इस दिव्य श्रृंखला ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। पश्चिमी चंपारण से आई महिला-पुरुष गायक मंडली की प्रस्तुति और मांझी के वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार सिंह की सुमधुर लोकगीतों पर आधारित अष्टयाम गायकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस दौरान देवी-देवताओं की भव्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। यजमान अवधेश कुमार सिंह व सीमा देवी, ई. अमन कुमार सिंह तथा डॉ. प्रियंका सिंह द्वारा संपूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम का आयोजन और समापन संपन्न कराया गया। परिसर को भव्य ढंग से सजाया गया था और ढोल, मंजीरा, हरिनाम संकीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिभाव में डूबा रहा।
अष्टयाम में एकमा विधायक श्रीकांत यादव, पूर्व विधायक मनोरंजन सिंह धूमल, राजद नेता अवधेश यादव, सुभाष यादव, जदयू नेता राजीव कुमार शर्मा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव कामेश्वर सिंह मुन्ना सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकार व ग्रामीणों ने भाग लिया। आयोजन में श्रद्धालु अजय कुमार, संतोष प्रसाद, शुभम कुमार, दीपांशु कुमार, पुनीत कुमार, जय कुमार, राहुल कुमार, अमरजीत कुमार, सुधांशु कुमार सहित आसपास के गांवों से आए संकीर्तन प्रेमियों की उपस्थिति रही।
भोर होते ही भजन-कीर्तन की स्वर-लहरियों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि ऐसे आयोजन सामाजिक व आध्यात्मिक एकता को मजबूती देते हैं। आयोजन में इंजीनियर अमन कुमार सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन भी खेल मैदान के समीप किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार प्रकट किया।