सिसवन अंचल को राज्यस्तरीय रैंकिंग में 30वां स्थान, अंचलाधिकारी पंकज कुमार की मेहनत लाई रंग!
सिवान (बिहार): जिले के सिसवन अंचल ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जून माह के लिए जारी राज्यस्तरीय रैंकिंग में पूरे बिहार में 30वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि अंचलाधिकारी पंकज कुमार के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी और कर्मठ टीम वर्क का प्रतिफल है।
अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि उनके नेतृत्व में राजस्व व भूमि सुधार से संबंधित योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। वे नियमित रूप से अधीनस्थ कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में दर्जनों भूमिहीन परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की गई है।
इस सफलता पर सिसवन अंचल के बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंचलाधिकारी पंकज कुमार को बधाई दी है और उनके कार्यों की सराहना की है। यह उपलब्धि सिसवन अंचल के लिए गर्व की बात है और यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में भी अंचल प्रशासन अपने कार्यों में और निखार लाते हुए उच्च रैंकिंग प्राप्त करेगा। पंकज कुमार के नेतृत्व में सिसवन अंचल ने भूमि विवाद निपटारा, आवासीय प्लॉट वितरण, दाखिल-खारिज प्रक्रिया में तेजी, ऑनलाइन म्युटेशन और राजस्व वसूली जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभावी कार्य किया है।