ताजपुर में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की बैठक, 8 जून को उपेंद्र कुशवाहा की जनसभा की तैयारी पर चर्चा!
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के ताजपुर गांव में गुरुवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें 8 जून को मुजफ्फरपुर में होने वाली पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की जनसभा को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि यह जनसभा बिहार की राजनीति में नई दिशा तय करेगी और इसके लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में पार्टी के भोजपुर जिलाध्यक्ष अशोक सिंह कुशवाहा, महासचिव नागेंद्र यादव, मांझी विधानसभा क्षेत्र के संभावित उम्मीदवार ओमप्रकाश कुशवाहा, भोजपुर के महासचिव जगा सिंह कुशवाहा वरिष्ठ नेता हरेंद्र महतो समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह कुशवाहा ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने शिक्षा के क्षेत्र में जो कार्य किया है, वह सराहनीय है। अब वे बिहार के समग्र विकास के लिए अपने विचार जनसभा के माध्यम से साझा करेंगे।
बैठक में तय किया गया कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जनसभा में आमंत्रित करेंगे और संगठन की मजबूती के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जाएगा। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार में बदलाव की आवश्यकता है और उपेंद्र कुशवाहा इसके लिए एक सशक्त विकल्प हैं।