नीतीश कुमार ने अधिकारी के सिर पर रखा गमला, CM पद पर बने रहना BJP की मजबूरी! प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर का नीतीश कुमार पर तीखा हमला, बोले—CM पद पर बने रहना BJP की मजबूरी, बिहार में जल्द होगा बदलाव!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जन सुराज यात्रा के तहत शनिवार को सिवान पहुंचे प्रशांत किशोर ने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। रघुनाथपुर प्रखंड में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार द्वारा एक आईएएस अधिकारी के सिर पर गमला रखे जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति को दर्शाता है। PK ने कहा कि नीतीश कुमार अब इस स्थिति में नहीं हैं कि वे राज्य का नेतृत्व कर सकें। वे अपने मंत्रियों और विभागों के नाम भी भूल जाते हैं। उन्हें केवल दिल्ली में 12 सांसदों की चिंता है और भाजपा बिहार में नेतृत्व की कमी के चलते उन्हें ढो रही है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह गंभीर विषय है कि एक सिपाही की बहाली से पहले उसका शारीरिक और मानसिक परीक्षण होता है, लेकिन मुख्यमंत्री की सेहत पर सरकार कोई जानकारी नहीं देती। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब भ्रष्टाचार और निष्क्रिय शासन से परेशान हो चुकी है। आम लोग—चाहे वह आंगनबाड़ी सेविकाएं हों, बीपीएससी के छात्र हों या बेरोजगार—सब धरने पर बैठे हैं और सरकार कान में तेल डालकर बैठी है। PK ने कहा कि अब बिहार बदलाव चाहता है और अगले विधानसभा चुनाव में अधिकांश मौजूदा विधायक अपनी सीट गंवाएंगे, चाहे वे किसी भी दल से हों। उन्होंने विश्वास जताया कि चार महीने के भीतर बिहार की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और एक नई व्यवस्था सामने आएगी।