धूमधाम से मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती!
रेणुका माता श्रेष्ठ नागरिक महिला मंडल ने किया आयोजन
भगवान नगर (नागपुर, महाराष्ट्र): शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती 29 मई को रेणुका माता श्रेष्ठ नागरिक महिला मंडल भगवान नगर की ओर से हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती प्रमिला ठाकुर थीं और आयोजन उनके निवास स्थान पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं महाराणा प्रताप जी के चित्र पर माल्यार्पण से की गई। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में प्रभाग 33 के पूर्व नगरसेवक श्री मनोज गावंडे, डॉ. कविता परिहार (प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा), राजपूत मंच के सचिव अशोक सिंह गहलोत, कार्यक्रम की अध्यक्षा एडवोकेट अंजू पांडे और समाजसेविका इंदिरा चौहान उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन वर्षा परिहार ने किया और प्रस्तावना प्रमिला ठाकुर ने प्रस्तुत की।
समारोह में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में रेहान सक्सेना, श्रेया ठाकुर सहित अन्य छात्र शामिल रहे, जिन्हें पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में अनूप ठाकुर, हरीधाम सक्सेना, ओम परदेसी, संध्या व्यास, शीला बर्दिया, करुणा उपाध्याय, कमल शर्मा, लक्ष्मीकांत पांडे, गीता महाकालकर, बेबी ताई ढहाने सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन गीता महाकालकर ने किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से ‘हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करें’ गीत के साथ हुआ, जिसके बाद सभी अतिथियों को स्वादिष्ट नाश्ता परोसा गया।