सिसवन और चैनपुर में आपसी विवाद को लेकर दो घटनाएं, आठ महिलाएं घायल!
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन और चैनपुर थाना क्षेत्रों में आपसी विवाद को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में कुल आठ महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है।
पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई, जहां मामूली विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए और बात मारपीट तक पहुंच गई। इस झड़प में छह महिलाएं घायल हो गईं। घायलों की पहचान दिनेश मांझी की पत्नी मीना देवी, उनकी पुत्री गुड़िया कुमारी और काजल कुमारी के साथ ही सत्यदेव मांझी की पत्नी मीना देवी, गुड्डू मांझी की पुत्री रानी कुमारी और सुदर्शन मांझी की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है।
दूसरी घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार वार्ड संख्या 4 में घटित हुई, जहां आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें मोहम्मद नौशाद अली की पत्नी फिरदौस खातून और उमर मुख्तार की पत्नी रुबेदा खातून घायल हो गईं।
दोनों घटनाओं की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।