सिसवन प्रखंड के 52 केंद्रों पर चल रहा आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य, बीडीओ ने किया निरीक्षण!
/// जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान के सिसवन प्रखंड में बुधवार को सुबह छह बजे से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 52 स्थानों पर विशेष केंद्रों का संचालन शुरू किया गया। इस महत्त्वपूर्ण पहल का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया। उन्होंने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ राजेश कुमार ने लोगों को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड बनाने का कार्य तीव्र गति से जारी है और बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
बीडीओ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर शीघ्रता से आयुष्मान कार्ड बनवाएं ताकि सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन इस कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कर रहा है।