सारण पुलिस का जागरूकता अभियान: स्कूली बच्चों को दी गई सुरक्षा और कानून की जानकारी!
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने 'Know Your Police' कार्यक्रम के तहत एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ अधिकारी निकटवर्ती सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों को संवेदनशील अपराधों से बचने और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस क्रम में 2 अप्रैल 2025 को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिठौती शाहबुद्दीन, दिघवारा, सारण में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, जैसे महिला हेल्पडेस्क, डायल 112, तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।
महिलाओं से जुड़े अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, साइबर क्राइम, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, छेड़छाड़ आदि के विषय में विस्तार से बताया गया और आत्मरक्षा के तरीकों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, सारण पुलिस के 'आवाज दो' कार्यक्रम के बारे में भी छात्रों को जानकारी दी गई, जिसमें वे किसी भी अपराध की जानकारी पुलिस को गोपनीय रूप से दे सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता अभियान में भाग लेने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कृत छात्र: साक्षी शेखर गिरी, रोशनी खातून, सिमरन कुमारी, आदित्य कुमार, यशवंत कुमार, खुशी कुमारी, रंजना कुमारी, प्रियंका कुमारी, सोनी कुमारी, पलक कुमारी, अंजली कुमारी।
सारण पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील की है और आगे भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही है।