सिवान: अलग-अलग घटनाओं में महिला और युवक घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
सारण (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक युवक घायल हो गए। दोनों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुरपुर सिसवन गांव की है, जहां आपसी विवाद में मारपीट हो गई। इस घटना में स्थानीय निवासी उमाशंकर यादव की पत्नी पुष्पा देवी घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना ग्यासपुर गांव की है, जहां शनिवार की सुबह एक युवक बंदर के हमले से भयभीत होकर छत से गिर गया। घायल युवक की पहचान भगवान महतो के पुत्र संदीप कुमार महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक छत पर था, तभी अचानक एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया। डर के मारे भागते समय युवक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा और घायल हो गया।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक पर रोक लगाने की मांग की है।