महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने साझा किए अनुभव और रखीं अपनी मांगें!
सिवान (बिहार): शुक्रवार को सिवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत माधोपुर गांव में जीविका महिला ग्राम संगठन के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण योजनाओं से अवगत कराना और उनकी आकांक्षाओं को समझना था।
इस अवसर पर जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह राज्य सरकार की योजनाओं से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। LED स्क्रीन के माध्यम से वीडियो फिल्म दिखाकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिलाओं ने न सिर्फ योजनाओं की जानकारी प्राप्त की, बल्कि अपने गांव व टोले की समस्याओं को भी खुलकर सामने रखा। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल जागरूकता वैन की मदद से सभी को बिहार सरकार द्वारा महिलाओं, छात्राओं और युवतियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
रामगढ़ और सिसवन पंचायतों में भी इसी तरह के महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ लाभार्थियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। जीविका द्वारा पूर्व में इस कार्यक्रम की सूचना दी गई थी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं इसमें शामिल हुईं।
गांव की महिलाओं से मिली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुँचाने का आश्वासन भी दिया गया। कार्यक्रम ने महिलाओं के बीच जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी काम किया।