प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 में 250 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित!
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत रामगढ़ पंचायत के परमानंद नगर में गुरुवार को पंचायत की मुखिया चंदा भारती के तत्वावधान में 'प्रतिभा सम्मान समारोह 2025' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 250 छात्र-छात्राओं को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें मुखिया चंदा भारती, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सतेंद्र भारती, पैक्स अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, प्रोफेसर मनोज तिवारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष सतेंद्र भारती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, "यह सम्मान आपके मेहनत का फल है। यह आपको आगे और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। सफलता का यह पहला पड़ाव है, आगे की राह और भी बड़ी है।"
प्रो. मनोज तिवारी ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने की सीख देते हुए कहा, "प्रतिभा को बनाए रखने के लिए निरंतरता जरूरी है। यह सम्मान आपके लिए चुनौती भी है कि आगे आप समाज और देश को दिशा दें।"
पैक्स अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा, "यह सम्मान समारोह न केवल बच्चों के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अरविंद आनंद ने किया। इस अवसर पर अमृता कुमारी, नंदनी कुमारी, मनीषा कुमारी, रानी कुमारी, अंशिका कुमारी, शिप्रा कुमारी, पप्पू पटेल सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पूरा माहौल शिक्षा के प्रति उत्साह और सम्मान से भरा रहा।