नशा न करने और इसे रोकने के उद्देश्य से चला हस्ताक्षर अभियान॥
सिवान (बिहार): नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत लोगों को नशा न करने और इसे रोकने के उद्देश्य से सिसवन प्रखंड परिसर में शनिवार की दोपहर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया।
इस मौके पर अंचला अधिकारी पंकज कुमार सहित अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने भी हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति का संदेश दिया। उक्त मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन पर प्रभावी रोकथाम की आवश्यकता है। नशे के प्रति लोगों के मध्य जन जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश की ऊर्जा होते है। और देश व समाज के विकास में युवाओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में खुद के साथ ही राष्ट्र के विकास के लिए युवाओं की भागेदारी आवश्यक है तथा इस प्रकार के अभियानों को अंजाम तक पहुंचाने में युवाओं की अहम भूमिका है।युवाओं को बढ़-चढ़कर नशा मुक्ति अभियान से जुड़ना होगा।